जापान के योकोहामा पोर्ट पर फंसे डायमंड प्रिंसेज क्रूज पर गुरुवार तक कोरोनोवायरस के मामलों की संख्या 218 हो गई है। जहाज पर मौजूद भारतीय सुरक्षा अधिकारी ने बुधवार को भारत सरकार से मदद की अपील की। चीन में कोरोनावायरस से एक दिन में 242 लोगों के मारे जाने के बाद मौतों का आंकड़ा 1365 हो गया है। वहीं, 59 हजार से ज्यादा मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
जापान में क्रूज 3 फरवरी से क्वारैंटाइन (अलग-थलग) है। भारतीय सुरक्षा अधिकारी 24 साल की सोनाली ठाकुर मुंबई की रहने वाली है। एक न्यूज चैनल से वीडियो के जरिए उन्होंने भारत सरकार से मदद की अपील की। सोनाली ने कहा- संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हमें डर है कि हम भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। हम बस घर वापस जाना चाहते हैं।
अमेरिका की प्रमुख विमान सेवा कंपनी यूनाइटेड एयरलाइंस ने कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच चीन जाने वाली उड़ानों को 24 अप्रैल तक स्थगित रहने देने का फैसला किया है।
वियतनाम ने गुरुवार को घोषणा की कि कोरोनावायरस के संक्रमण की आशंका के कारण 10 हजार लोगों को 20 दिन तक निगरानी में रखा जाएगा। अब तक देश में 15 मामलों की पुष्टि हुई है।