पिछले साल ट्रेड वॉर का नुकसान झेल चुके चीन की अर्थव्यवस्था को नए साल में कोरोनावायरस ने जोखिम में डाल दिया है। आर्थिक गतिविधियां तेजी से घट रही हैं। कंपनियों को प्रोडक्शन बंद करना पड़ रहा है। अमेरिकी कंपनी एपल ने पिछले हफ्ते चीन में अपने 42 स्टोर 9 फरवरी तक के लिए बंद करने का ऐलान किया था। इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला ने भी शंघाई का नया प्लांट अस्थाई रूप से बंद कर दिया है। कोरोनावायरस के असर से कितना आर्थिक नुकसान होगा, इस बारे में अभी अनुमान लगाना मुश्किल है। लेकिन, कुछ अर्थशास्त्रियों के मुताबिक चालू तिमाही में चीन की जीडीपी ग्रोथ में 2% गिरावट आ सकती है। ऐसा हुआ तो जीडीपी को 62 अरब डॉलर (2.29 लाख करोड़ रुपए) का नुकसान होगा। अमेरिका से ट्रेड वॉर के असर की वजह से पिछले साल चीन की जीडीपी ग्रोथ सिर्फ 6.1% रही। यह 29 साल में सबसे कम है।
इकोनॉमी: तीन महीने में 2.29 लाख करोड़ रुपए के नुकसान की आशंका