पिछले कई माह से हेली स्टीवंस और लारेन अंडरवुड एक-दूसरे को ढेर सारे इमोजी भेज रही थीं। दोनों रिपब्लिकन पार्टी के प्रभाव वाले जिलों में पहली बार चुनाव लड़ रही महिला उम्मीदवार थीं। वे अमेरिकी राजनीति में स्थान बनाने के प्रयास करने वाली डेमोक्रेटिक पार्टी की नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। बूढ़े लोगों के प्रभुत्व वाली कांग्रेस के लिए चुनाव लड़ रही युवतियों को अहसास था कि उन्हें एक-दूसरे के सहारे की जरूरत है। 32 वर्षीय अंडरवुड ने 35 वर्षीय स्टीवंस को अगस्त में उनके प्रायमरी चुनाव में जीतने के बाद टेक्स्ट मैसेज भेजा,इस मौके का आनंद उठाओ। स्टीवंस ने पिछले माह अंडरवुड को मैसेज किया,मैदान में डटे रहो हम दुनिया बदलने वाले हैं।
6 नवंबर को स्टीवंस मिशिगन के 11 वें डिस्ट्रिक्ट से चुनाव जीत गईं। वे पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की ऑटो टास्क फोर्स में थीं। रजिस्टर्ड नर्स अंडरवुड इलिनॉय के 14 वें जिले से जीती हैं। ये दोनों उन 84 डेमोक्रेट महिलाओं में शामिल हैं जिन्होंने अपनी विजय के साथ डेमोक्रेटिक पार्टी को प्रतिनिधि सदन पर फिर से कब्जा करने में मदद की है। डेमोक्रेटिक पार्टी की ग्रेचेन व्हिटमर,लारा केली जैसी अनुभवी महिलाएं जीती हैं तो 30 ऐसी महिलाएं सदन के लिए चुनी गई हैं जिन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा है।
लगातार संघर्ष के बाद अमेरिकी राजनीति में यह बदलाव आया है। डोनाल्ड ट्रम्प के राष्ट्रपति पद संभालने के एक दिन बाद लाखों महिलाओं ने ट्रम्प के आचरण के खिलाफ सड़कों पर उतरी थीं। अमेरिका के इतिहास में पहली बार इतनी महिलाओं ने किसी एक दिन प्रदर्शन किया था। इसके बाद कुछ महिलाओं ने जल्द ही स्थानीय टी पार्टी ग्रुप बना लिए। देशभर में हजारों फोरम बन गए जिनकी 70 प्रतिशत सदस्य महिलाएंं हैं। 2017 में बीमा योजना अफोर्डेबल केयर एक्ट रद्द करने की कोशिशों खिलाफ हजारों महिलाओं ने अपने सांसदों को फोन किए। सितंबर 2018 तक 42 हजार से अधिक महिलाएं फंड जुटाने के डेमोक्रेटिक पार्टी के अभियान का हिस्सा बन गईं। 356 महिला डेमोक्रेट ने कांग्रेस का चुनाव लड़ने की तैयारी कर ली। उधर,120 रिपब्लिकन महिलाओं ने भी मैदान में उतरने की तैयारी कर ली थी।
अंत में 183 डेमोक्रेट महिलाएं चुनाव मैदान में उतरीं। वकील और पूर्व मिक्स्ड मार्शल आर्ट फाइटर शेरिस डेविड्स कांग्रेस के लिए निर्वाचित पहली मूल अमेरिकी महिला हैं। जहाना हेस कनेक्टीकट का संसद में प्रतिनिधित्व करने वाली पहली अश्वेत महिला हैं। अब डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों में 38 प्रतिशत महिलाएं हैं।