आधिकारिक वेबसाइट से एनआरसी की अंतिम सूची गायब हुई; सरकार ने कहा- यह तकनीकी गड़बड़ी, पूरा डेटा सुरक्षित

असम में तैयार हुई राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) की अंतिम सूची आधिकारिक वेबसाइट से गायब (ऑफलाइन) हो गई है। इसके बाद लोगों के डेटा की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए। अब केंद्र सरकार ने सूची ऑफलाइन होने को तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए, पूरा डेटा सुरक्षित होने का दावा किया है। बुधवार को गृह मंत्रालय ने कहा- असम में एनआरसी डेटा सुरक्षित है, हालांकि कुछ तकनीकी समस्याएं दिखाई दी हैं और जल्द ही इसका समाधान कर लिया जाएगा।


नागरिकता रजिस्टर की आधिकारिक वेबसाइट पर पिछले कुछ दिनों से एनआरसी की सूची दिखाई नहीं दे रही थी। इसके बाद सूची से बाहर छूट गए लोगों में दहशत फैल गई, क्योंकि इनमें से ज्यादातर लोगों को 'अस्वीकृति प्रमाण पत्र' नहीं मिला था। इसके अभाव में वे नागरिकता साबित करने के लिए कानूनी कदम नहीं उठा सकते थे। इस पर गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘एनआरसी डेटा सुरक्षित है। क्लाउड पर इसके दिखने में कुछ तकनीकी समस्या है। इसे जल्दी ठीक कर लिया जाएगा।